ईवीएम में खराबी के बाद स्थगित की गई दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनावों की मतगणना आधे घंटे में फिर से शुरू होगी। यह जानकारी डूसू के अधिकारियों ने दी है।
दिल्ली विवि छात्र संघ चुनाव में हो रही मतगणना स्थगित कर दी गई थी। इसका कारण खराब ईवीएम बताया गया था। बता दें कि आज सुबह से ही मतगणना में कोई न कोई बाधा आ रही है। पहले तो मतगणना एक घंटे देर से शुरू हुई। यह सुबह 8:30 पर शुरू होनी थी लेकिन 9:30 से शुरू हुई। बताया जा रहा है कि पहले राउंड की मतगणना समाप्त होने के बाद एबीवीपी 2 सीटों पर और एनएसयूआई 2 सीट पर आगे चल रहे थे।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज खान ने कहा कि जब 8 उम्मीदवार ही मैदान में हैं तो ये कैसे संभव है कि 10 उम्मीदवारों के मतदान की गणना हो रही है। कल तक सभी मशीनें सही थी। इसमें पुलिस प्रशासन की मिली भगत है।
यहां यह उल्लेखनीय है कि एनएसयूआई अध्यक्ष पद और सचिव पद पर आगे चल रही थी। वहीं उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव के पद पर एबीवीपी आगे थी। हालांकि जितनी भी काउंटिंग हो चुकी है उसमें एबीवीपी और एनएसयूआई की कड़ी टक्कर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जब तक मतगणना हुई तब तक एनएसयूआई 3 सीटों पर आगे चल रही थी। मतगणना रोके जाने से एनएसयूआई के समर्थकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। ईवीएम में गड़बड़ी के चलते मतगणना रोक दी गई और संभावना है कि कल वोटिंग होगी।
बताया जा रहा है कि एक पद पर 8 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं मगर ईवीएम में गड़बड़ी के चलते 10 प्रत्याशी दिखाए गए।
वहीं कल रात जाकिर हुसैन कॉलेज यूनियन का परिणाम भी आ गया जिसमें एनएसयूआई को जीत हासिल हुई है। जाकिर हुसैन कॉलेज (ईवनिंग) में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर ली है।
एनएसयूआई ने 250 वोटों से जीता हासिल की। कॉलेज में सेंट्रल काउंसलर पद पर आईएसा के नबिया आलम ने बाजी मारी है। जाकिर हुसैन कॉलेज (मॉर्निंग) में बीजेपी के छात्र संगठन एबीवीपी ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है।
आपको बता दें कि दिल्ली विवि छात्र संघ चुनाव के लिए बुधवार को मतदान हुआ था। ज्यादातर बूथों पर एनएसयूआई, एबीवीपी, सीवाईएसएस-आइसा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला रहा।
इस साल सुबह की पाली में लगभग 43.8 फीसदी वोट पडे़। जो बीते साल से कम है। शाम की पाली में मतदान रात 7.30 बजे संपन्न हुआ। फिलहाल मतदान का आंकड़ा नहीं मिल पाया है। इस बार कुल मतदाताओं की संख्या 1.35 लाख थी।