दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में नए साल की शुरुआत के साथ ही एक बार फिर से शैक्षणिक सत्र 2016-17 के अंतर्गत प्लेसमेंट सेशन शुुुरू होने जा रहा है। तीन दिवसीय प्लेसमेंट सेशन में ज्यादा कंपनियों के आने के कारण छात्रों को पहले से ज्यादा अवसर मिलेंगे। आगामी 17 जनवरी से प्लेसमेंट शुुुुरू होगा जो कि 20 जनवरी तक चलेगा। इस सेशन की खास बात यह है कि इस बार कंपनियां पहले से काफी बेहतर सैलरी पैकेज की पेशकश के साथ पहुंच रही हैं। पैकेज के रूप में 15 हजार से लेकर 5.86 लाख रुपये तक की पेशकश की जाएगी।
सेंट्रल प्लेसमेंट सेल (सीपीसी) के तहत होने वाले कैंपस प्लेसमेंट के लिए पंजीकरण प्रक्रिया बीते अक्तूबर से जारी है। प्लेसमेंट सेशन मेें हिस्सा लेने केे लिए छात्रों का पंजीकरण कराया जाना जरूरी है। छात्रों को सीपीसी आई कार्ड को अपने प्रिंसिपल से सत्यापित कराकर प्लेसमेंट सेशन में पहुंचना होगा। प्लेसमेंट ड्राइव के अंतर्गत 17 जनवरी को दो कंपनी बीटी ग्लोबल बिजनेस सर्विसेज फारेक्स प्राइवेट लिमिटेड कैंपस आ रही है। फारेक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बीकॉम व बीएमएस के अंतिम वर्ष के छात्रों का चयन करेगी।
जबकि बीटी ग्लोबल बिजनेस किसी भी स्ट्रीम के बीए अंतिम वर्ष व स्नातकोत्तर छात्रों का चयन करेगी। फारेक्स कंपनी 15 हजार रुपये स्टाइपेंड देगी जबकि बीटी ग्लोबल 1.80 लाख सालाना पैकेज की पेशकश करेगी। इस सेशन में दूसरे दिन 18 जनवरी को स्टेप बॉय स्टेप स्कूल एनसीआर के लिए बीएड छात्रों का चयन करेगी। कंपनी ने साफ कर दिया है कि वह वर्तमान में छठे वेतन आयोग के अनुसार सैलरी देगी, जबकि बाद में सातवें वेतन आयोग के मुताबिक सैलरी दी जाएगी।
वहीं हेड स्टॉर्ट एजुकेशन एडुकेटर का चुनाव करेगी। इस सेशन का सबसे खास राउंड तीसरे दिन 20 जनवरी को होगा, जब अमेजन कंपनी जर्मनी, फ्रेंच, स्पेनिश, जापानी, चीनी, इटेलियन भाषा के अंतिम वर्ष के छात्रों का चुनाव करेगी। अमेजन ने जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश के लिए 5.06 लाख का सैलरी पैकेज रखा है जबकि जापानी, चाइनीज व इटेलियन भाषा के लिए 5.86 लाख सैलरी पैकेज की पेशकश की जाएगी। कंपनियों के रुझान को देखते हुए प्रशासन उम्मीद कर रहा है कि बड़ी संख्या में छात्रों को नौकरी के ऑफर प्राप्त होंगे।