दिल्ली विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र 2017-18 की दाखिला प्रक्रिया को स्टूडेंट फ्रैंडली बनाने की तैयारी कर रहा है। खासकर ऑनलाइन फॉर्म भरने को आसान बनाया जा रहा है। जून में शुरू होने वाली दाखिला प्रक्रिया में इस बार छात्रों को न केवल फॉर्म की डमी दिखाई जाएगी बल्कि फॉर्म भरने से पहले उन्हें ऑडियो दिशा-निर्देश भी मिलते रहेंगे। दरअसल, बीते साल दाखिला प्रक्रिया के दौरान छात्रों को ऑनलाइन फॉर्म भरने में बहुत परेशानी हुई थी। साइबर सेंटरों ने भी फॉर्म भरने के एवज में छात्रों से 100 रुपये से लेकर 500 रुपये तक वसूले थे।
डीयू एडमिशन कमेटी के कनवीनर डॉ मनोज खन्ना के मुताबिक, इस साल प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन पर फोकस रहे। बीते साल देखने में आया था कि छात्रों को ऑनलाइन फॉर्म भरने में दिक्कतें हुई थीं। लिहाजा इस बार फोकस है कि संसाधनों को सुधारते हुए उन समस्याओं को सुधारा जाएगा। इस बार प्रयास है कि आवेदकों को स्वयं ही पता चल जाए कि कैसे उन्हें ऑनलाइन फॉर्म भरना है। यह सब चरणबद्ध तरीके से होगा। इससे छात्रों को परेशानी नहीं आएगी।
फॉर्म भरने के संबंध में कुछ वीडियो भी डाले जाने पर विचार चल रहा है। दरअसल, शैक्षणिक सत्र 2016-17 में प्रशासन ने दाखिला प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन बनाया था। जिन कॉलेजों के पास कंप्यूटर लैब की व्यवस्था है, वहां ऑनलाइन फॉर्म नि:शुल्क भरवाने की व्यवस्था की गई थी। बावजूद डीयू के आसपास के इलाकों में छात्रों ने साइबर सेंटरों की मदद से फॉर्म भरे थे। कई जगह ऐसा भी हुआ था कि छात्रों को पंजीकरण करने के समय पंजीकरण नंबर व आईडी व पासवर्ड की जानकारी नहीं थी। इस कारण से बाद में अन्य जानकारियां प्राप्त करने में उन्हें परेशानी उठानी पड़ी थी। लिहाजा प्रशासन इस बात का प्रयास कर रहा है कि दाखिला प्रक्रिया न केवल पहले से आसान हो बल्कि छात्रों को साइबर सेंटरों के चक्कर भी नहीं लगाने पड़े। इसके लिए संसाधनों को विस्तार भी दिया जा रहा है। इस व्यवस्था को लागू करने से पहले लोगों से फीडबैक भी लिया जाएगा।