पंजाबी और पंजाबीयत की प्रतिष्ठा को लेकर डीयू का श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज इंटरनेशनल पंजाबी कांफ्रेंस का गवाह बनने जा रहा है। 2 व 3 फरवरी को होने वाली कांफ्रेंस का बतौर मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह उद्घाटन करेंगे।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वार इसका आयोजन किया जा रहा है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय पंजाबी कांफ्रेंस पंजाबी एवं पंजाबीयत की डगमगाई हुई प्रतिष्ठा को संभालने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
दिल्ली कमेटी के इतिहास में पहली बार उच्च कोटि के वक्ता पंजाबी भाषा की जरूरत, गुरमत साहित्य, पंजाबी साहित्य, पत्रकारिता, गद्य, काव्य, नाटक, रोजगार, शिक्षा संगीत, तथा सूफी कला के बारे में अनुभवों को सांझा करेेंगे।
साथ ही भाषा के विकास के योग्य तरीके भी समझाएंगे। कॉलेज प्रिंसिपल डा. जसविंदर सिंह ने बताया कि दोनों दिन 3 शिक्षण सत्र होंगे, जिसमें पंजाब तथा पंजाबी की अमीर विरासत को खुशहाल बनाने पर चर्चा होगी।