दिल्ली विश्वविद्यालय में हाई कट ऑफ के चलते कॉलेजों में दाखिला ना ले पाने वाली छात्राओं के लिए कॉलेजों में दाखिले की राह आसान होने जा रही है। डीयू के नॉन कॉलिजिऐयट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में इस साल न केवल करीब 5700 अतिरिक्त सीटें बढ़ीं बल्कि कॉलेज सेंटरों की संख्या भी 13 से बढ़कर 25 हो गई है।
विज्ञापन
सीटों व सेंटरों की संख्या बढ़ने से छात्राओं को दाखिले के ज्यादा अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही आने वाली एनसीवेब की पहली कट ऑफ के नीचे जाने की उम्मीद है।
एनसीवेब की निदेशक डॉ अंजू गुप्ता ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2016-17 के लिए डीयू ने एनसीवेब की सीटें व कॉलेज सेंटर बढ़ाने की मंजूरी दी है। जहां बीए व बीकॉम के लिए करीब 5700 सीटें बढ़ी हैं वही 12 नए सेंटर भी एनसीवेब के साथ जुड़े हैं। अब तक एनसीवेब की कुल 6084 सीटें हैं जो अब बढ़कर 11,784 हो जाएंगी।
विज्ञापन
हर सेंटर पर बीए के लिए लगभग 284 सीटें व बीकॉम के लिए लगभग 184 सीटें हैं। नए जुड़ने वाले सेंटरों पर भी बीए व बीकॉम के लिए इतनी ही सीटें रहेंगी। सीटें बढ़ने के कारण डीयू के रेगुलर कॉलेजों में जिन्हें दाखिला का मौका नहीं मिला उन्हें अब पहले से ज्यादा दाखिले का मौका मिल सकेगा।
डॉ. अंजू कहती हैं कि एनसीवेब एक अच्छा सिस्टम हैं क्योंकि उन्हीं कॉलेजों में रविवार को कक्षाएं लगती हैं जहां छात्राएं दाखिला लेना चाहती हैं। इस तरह से वह बाकी सप्ताह अन्य स्किल कोर्सेज भी कर सकती हैं।
वहीं खास बात यह है कि एनसीवेब से पढ़ाई करने भी डीयू ही डिग्री प्रदान करता है। उल्लेखनीय है कि अभी एनसीवेब के सेंटर हंसराज कॉलेज, लक्ष्मीबाई कॉलेज, कालिंदी कॉलेज, एसपीएम कॉलेज, जीसस एंड मैरी, मैत्रेयी कॉलेज, महाराजा अग्रसेन कॉलेज, जानकी देव कॉलेज, माता सुंदरी कॉलेज, भारती कॉलेज, श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स, पीजीडीएवी कॉलेज, विवेकानंद कॉलेज में हैं।
ये कॉलेज बने नए सेंटर
अदिति कॉलेज, आर्यभट्ट कॉलेज, भीमराव अंबेडकर कॉलेज, भगिनी निवेदिता कॉलेज, कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडी, केशव महाविद्यालय, मिरांडा हाउस, मोतीलाल नेहरू कॉलेज, राजधानी कॉलेज, रामानुजन कॉलेज, सत्यवती कॉलेज, अरबिंदो कॉलेज।
एनसीवेब की कट ऑफ गिरने की उम्मीद
डीयू की आवेदन प्रक्रिया में एनसीवेब में दाखिले के लिए इस बार 58,583 आवेदन किए गए। इस तरह से उम्मीद की जा रही थी कि छ: हजार सीटों के लिए दावेदारी बड़ी कठिन होगी।
लेकिन अब एनसीवेब के दाखिले शुरू होने से पहले ही सीटों की संख्या में बढ़ोतरी होने से दाखिले के ज्यादा अवसर होंगे। जिसके कारण उम्मीद की जा रही है कि आगामी 15 जुलाई को जारी होने वाली कट ऑफ भी गिरेगी। बीते साल बीए व बीकॉम के लिए कट ऑफ 80 से 88 फीसदी के बीच रही थी।
एनसीवेब दाखिला शेड्यूल
पहली सूची 15 जुलाई
पहली सूची के दाखिले 15 जुलाई से 18 जुलाई
दूसरी सूची 20 जुलाई
दूसरी सूची के दाखिले 20, 21, 22 जुलाई
तीसरी सूची 25 जुलाई
तीसरी सूची के दाखिले 25, 26, 27 जुलाई
चौथी सूची 29 जुलाई
चौथी सूची के दाखिले 29, 30 जुलाई , 1 अगस्त
पांचवी सूची 3 अगस्त
पांचवी सूची के दाखिले 3, 4 व 5 अगस्त
नोट: दाखिले का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक