डीयू में अब तक आवेदन न कर पाने वालों के लिए राहत की खबर है। डीयू के स्नातक पाठ्यक्रमों में आवेदन करने के इच्छुक छात्र अब 22 जून की शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं। डीयू प्रशासन ने आवेदन की तिथि को आगे बढ़ा दिया है। यूजी कोर्सेज की लगभग साठ हजार सीटों के लिए अब तक 19 जून तक आवेदन होने थे। अब आवेदन तिथि बढ़ने से इस बार आवेदन का एक नया रिकॉर्ड बनेगा। अब तक प्रक्रिया के तहत ही दो लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि तीन लाख से अधिक ऑनलाइन पंजीकरण हो चुके हैं।
डीयू दाखिला समिति की बृहस्पतिवार हुई बैठक में आवेदन की तिथि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। शुक्रवार को कुलपति से मंजूरी मिलने के बाद नई तिथि की अधिकारिक रूप से घोषणा कर दी गई। अब सामान्य, ओबीसी, एससी-एसटी, कश्मीरी विस्थापित, ,पीडब्लयूडी (पर्सन विद डिसेबिलिटी) के लिए आवेदनकर्ता 22 जून की शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही ईसीए-स्पोर्ट्स श्रेणी व नॉन कॉलिजिऐट वूमेन एजुकेशन बोर्ड के लिए भी 22 जून तक आवेदन किया जा सकता है।
तारीख बढ़ने से कटऑफ की तिथियों पर भी असर पड़ेगा। अब पहली कटऑफ 30 जून को जारी होगी, जबकि अब तक 27 जून को कटऑफ जारी होने के साथ ही दाखिले शुरू होने थे। वहीं अब नॉन कॉलिजिऐट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) की कटऑफ में भी बदलाव होंगे। अब तक एनसीवेब की पहली कटऑफ 12 जुलाई को आनी थी।
आवेदन का बनेगा रिकॉर्ड
डीयू में इस बार आवेदन का नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है। अब तक कुल 3,16,632 ऑनलाइन पंजीकरण हो चुके हैं, जबकि शुल्क के साथ 2,00,210 फॉर्म जमा हो चुके हैं। बीते साल आवेदन प्रक्रिया के तहत 3,43,471 ऑनलाइन पंजीकरण हुए थे। ऑफलाइन व ऑनलाइन मिलाकर कुल 2,91, 651 आवेदन प्राप्त हुए थे। अब चूंकि इस बार आवेदन प्रक्रिया की तिथि बढ़ा दी है तो ऑनलाइन पंजीकरण व ऑनलाइन फॉर्म जमा कराने का आंकड़ा काफी बढ़ सकता है।