दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2016-17 में रेगुलर कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया जारी है, अब अगले सप्ताह के अंत से एसओएल (स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग) में दाखिला प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि एसओएल में उपलब्ध पांच स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए दाखिला प्रक्रिया 15 जुलाई को शुरू होगी। एसओएल अधिकारियों का पूरा प्रयास है कि इस तारीख से प्रक्रिया को शुरू किया जा सके। प्रवेश प्रक्रिया और फीस भुगतान ऑनलाइन होगा। आवेदक 31 अगस्त तक दाखिला ले सकेंगे जबकि इसके बाद 15 सितंबर तक विलंब शुल्क के साथ दाखिला लिया जा सकेगा।
अगले सप्ताह से शुरू होने वाली दाखिला प्रक्रिया के संबंध में प्रशासन की ओर से एक से दो दिन में औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। वहीं प्रशासन एसओएल में दाखिले के लिए आने वाले दिव्यांग व गरीब रेखा के नीचे आने वाले छात्रों को ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से दाखिले का विकल्प उपलब्ध कराएगा। ऐसे आवेदकों को दाखिला शुल्क में राहत प्रदान की जाएगी। उल्लेखनीय है कि हर साल एसओएल में लगभग डेढ़ लाख छात्र स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेते हैं।
जिनमें बीए प्रोग्राम, बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स व बीए ऑनर्स (अंग्रेजी) बीए ऑनर्स राजनीति शास्त्र शामिल हैं। कम अंकों के कारण जो छात्र रेगुलर कॉलेज की कट ऑफ में जगह नहीं बना पाते वह एसओएल का रुख करते हैं। हालांकि बीते साल 90 से अधिक अंक लाने वाले कई छात्रों ने भी एसओएल में दाखिला लिया था।