उच्चतर शिक्षा विभाग ने भले ही छात्रों की सहूलियत के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी हो, लेकिन बड़ी संख्या में छात्र आवेदन करने कॉलेज पहुंच रहे हैं। दो दिनों की छुट्टी के बाद शहर के तीनों कॉलेजों में छात्र पहुंचे। फॉर्म भरने के लिए छात्रों की भीड़ साइबर कैफे में रही। कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन की रफ्तार बढ़ने लगी है।
सेक्टर-14 स्थित गर्वमेंट गर्ल्स कॉलेज में सुबह से ही छात्राओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, दोपहर दो बजे तक 310 से अधिक छात्राओं ने आवेदन किया। वहीं, द्रोणाचार्य कॉलेज में जब छात्र आवेदन के लिए पहुुंचे तो उन्हें कंप्यूटर लैब ही बंद मिला। कॉलेज में लैब तैयार नहीं होने की वजह से छात्रों को बाहर साइबर कैफे में फॉर्म भरना पड़ रहा है। सेक्टर-9 कॉलेज में डेढ़ सौ से अधिक छात्र पहुंचे। छात्रों ने कॉलेज में आवेदन से संबंधित जानकारी लेने के बाद प्रथम तल पर बने कंप्यूटर लैब में कोर्स के लिए फॉर्म भरे।
हालांकि ऑनलाइन आवेदन के मुकाबले हार्डकॉपी जमा कराने वाले छात्रों की संख्या कम है। छात्रों के कॉलेज पहुंचने से कॉलेज गर्मी की छुट्टी के बावजूद गुलजार होने लगा है। सबसे अधिक रूझान छात्रों का बीकॉम ऑनर्स, बीकॉम जनरल और बीएससी कोर्स में है। इसके बाद बीए के अर्थशास्त्र और अंग्रेजी ऑनर्स में है।
जमा फॉर्म में आ रहीं गलतियां
ऑनलाइन आवेदन जमा करने से फॉर्म में की गईं गलतियां भी सामने आ रही हैं। कई छात्रों ने बिना दस्तावेज के ही वेटेज के लिए आवेदन किया है। जबकि हार्डकॉपी में उनके पास कोई दस्तावेज नहीं है। जिसकी वजह से ऐसे छात्रों को अतिरिक्त वेटेज मिलना संभव नहीं है। वहीं, साइबर कैफे व घरों से आवेदन करने वाले छात्रों के नाम और कैटेगरी में भी गलती देखने को मिल रही है। जिसे कॉलेज में आकर दुरुस्त कराया जा रहा है।
काउंसलिंग के लिए पहुंच रहे हैं छात्र
अब धीरे-धीरे कॉलेज में छात्र विषय से संबंधित जानकारी भी ले रहे हैं। फॉर्म भरने से पहले विषय में कॅरियर और भविष्य में उपलब्ध कोर्स के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। सोमवार को सैक्टर-14 कॉलेज में छात्रों ने बायोटेक और होम साइंस के बारे में जानकारी जुटाई। बीकॉम के बाद क्या-क्या कॅरियर ऑप्शन हैं और एमएससी मैथ करके दूसरे कौन से सेक्टर हैं? जहां जॉब मिल सकता है। इस बारे में छात्र कॅरियर काउंसलर से पूछ रहे हैं।