दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहली लिस्ट में दाखिला पाए लेकिन फीस जमा नहीं करा पाए विद्यार्थियों को राहत प्रदान की है। प्रशासन ने विद्यार्थियों केलिए फीस जमा कराने की तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब ऐसे छात्र जिन्हें पहली कट ऑफ में दाखिला मिल गया लेकिन वह फीस जमा नहीं करा पाए वह तीन जुलाई तक फीस जमा करा सकते हैं। इस संबध में कॉलेज प्रिंसिपल को सूचना भेज दी गई है।
श्री अरबिंदो कॉलेज केप्रिंसिपल डॉ. विपिन अग्रवाल ने बताया कि डीयू प्रशासन की ओर से यह जानकारी प्राप्त हो गई है कि पहली कट ऑफ में दाखिला पाए छात्र अब तीन जुलाई तक फीस जमा करा सकते हैं। अब भी काफी छात्र ऐसे हैं जो कि दाखिला मंजूर होने के बावजूद दाखिला पोर्टल पर फीस जमा नहीं करा पा रहे थे।
उल्लेखनीय है कि पहली कट ऑफ केदाखिले के आधार पर फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 29 जून दोपहर 12 बजे तक की थी। जिसे प्रशासन ने उस दिन बढ़ाकर रात 11.59 तक कर दिया था। बावजूद काफी संख्या में छात्र ऐसे थे जो कि फीस जमा नहीं करा पाए। प्रशासन नहीं चाहता था कि फीस जमा नहीं हो पाने के कारण विद्यार्थी दाखिले से वंचित हों।