दिल्ली विश्वविद्यालय एवं कॉलेज लैब स्टॉफ एसोसिएशन डुकुल्सा ने कॉलेजों में लैब सहायक केपद पर बाहर से हो रही भर्ती पर रोक लगाने की मांग की है। डुकुल्सा ने इस संबंध में बुधवार को डीयू प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपा।
डीयू प्रशासन से मांग की गई है जब तक नए भर्ती नियम नहीं आ जाते हैं तब तक लैब सहायक केपद को बाहर से ना भरा जाए। दरअसल कई कॉलेज लैब सहायक की बाहर से भर्ती केलिए प्रक्रिया शुरु कर दी है। इससे लैब में कार्यरत लैब अटेंडेंट में नाराजगी है।
डुकुल्सा केमहासचिव राजेश मेहता के मुताबिक बीते दिनों डुकुल्सा केधरने केदौरान डीयू प्रशासन ने नए भर्ती नियम बनाने के लिए एक संयुक्त कमेटी की घोषणा की थी। बाद में साइंस के लिए एक सब कमेटी की भी बात कही गई। इस सब कमेटी को अपनी रिपोर्ट नब्बे दिनों में देनी है।
लैब अटेंडेंट से लैब सहायक सौ फीसदी प्रमोशन डुकुल्सा की मांग है। यदि बाहर से लैब सहायक की भर्ती होती है तो नए भर्ती नियमों का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। क्योंकि पोस्ट नहीं रहने पर 100 फीसदी पॉरमोशन कैसे हो पाएगा।
ऐसे में हमारी मांग है कि जिन कॉलेजों में लैब सहायक के लिए बाहर से भर्ती हो रही है, वहां पर नए भर्ती नियम की घोषणा होने तक रोक लगाई जाए। इससे वर्षों से लैब में कार्यरत अटेंडेंट को प्रमोशन का मौका मिल सकेगा।