दिल्ली सरकार उच्च शिक्षा को बढ़ाने में जर्मनी के संघीय स्वतंत्र राज्य थुरिंगिया (द जर्मन फैडरल फ्री स्टेट ऑफ थुरिंगिया) की मदद लेगी और उसकी मदद करेगी। दिल्ली सचिवालय में सोमवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और जर्मनी संघीय स्वतंत्र राज्य के सचिव जार्ज मायर ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए।
समझौते के तहत संकाय सदस्यों की अदला-बदली, शैक्षिक प्रकाश और सूचनाओं का आदान प्रदान करने के साथ-साथ मिलकर अनुसंधान और शोध के क्षेत्र में भी मिलकर काम करेंगे।
उच्च शिक्षा में सहयोग बढ़ाने वाले समझौते को लेकर कहा जा रहा है कि इससे दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लाभ मिलेगा। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय के बीच सहयोग बढ़ेगा, दोनों एक-दूसरे के फायदे के लिए सहयोग करेंगे। समझौता पत्र के अनुसार दोनो तरफ से विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षा केन्द्रों और अनुसंधान संस्थान को बढ़ावा देने में रूझान दिखाएंगे।
दिल्ली सचिवालय में आयोजित समझौता कार्यक्रम में जर्मन के संघीय स्वतंत्र राज्य के राज्य सचिव जार्ज मायर ने कहा कि भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, यहां कुशल श्रम शक्ति की जरूरत है। इसलिए यहां शिक्षा क्षेत्र में सहयोग करने में खुशी हो रही है।
जर्मनी-फिनलैंड की तर्ज पर संस्थान स्थापित करना चाहती है दिल्ली
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि इस सहयोग समझौता से शिक्षा की दोहरी प्रणाली की शुरुआत में मदद मिलेगी। दिल्ली सरकार फिनलैंड और जर्मनी के यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेस की तर्ज पर एक संस्थान स्थापित करना चाहती है। इस समझौते का उसमें फायदा मिलेगा।