दिल्ली के सरकारी स्कूल अब नए लुक में नजर आएंगे। सरकारी स्कूलों को निजी स्कूल से टक्कर देने व साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए अब हर साल स्कूलों में रंग-रोगन कराया जाएगा।
बच्चों की पढ़ाई पर किसी तरह का असर ना पड़े इसके लिए हर साल ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान 1024 स्कूलों में रंग-रोगन होगा। इस संबंध में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने निर्देश जारी किए हैं।
शिक्षा मंत्री की ओर जारी निर्देश में लिखा गया है कि बीते कई महीनों में कई सरकारी स्कूलों का निरीक्षण किया गया। कई स्कूलों में कक्षाओं के नवीनीकरण का काम पूरा हो चुका है।
साफ-सफाई, कक्षाओं के नवीनीकरण के कारण बच्चे को कक्षाओं में जाने में मजा आ रहा है। लिहाजा अब सभी कक्षाओं को ऐसा ही बनाए रखना है जिससे कि बच्चों का मन कक्षाओं में लगे।
निर्देश में कहा गया है कि कई स्कूल ऐसे हैं जहां स्कूल के बाहर और कक्षाओं में रंगाई-पुताई की जरूरत है। कुछ स्कूलों में प्लास्टर उखड़ रहे हैं जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
मनीष सिसोदिया के निर्देश में साफ है कि सरकार स्कूलों की दशा को सुधारने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। यदि स्कूलों का ठीक से रखरखाव नहीं होगा तो बच्चों का मन नहीं लग पाएगा।
अधिकारी के अनुसार इस काम के लिए सरकार ठेकेदारों को सूचीबद्ध करेगी। इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि जब जुलाई में स्कूल खुलें तो हर कक्षा में रंग-रोगन हो चुका हो। यदि तय समय में ठेकेदार काम को पूरा नहीं करेंगे तो उनके भुगतान को रोका जाएगा।