जामिया मिल्लिया इस्लामिया भी अब नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी पोर्टल से जुड़ गया है। विश्वविद्यालय ने सोशल साइंस, आर्किटेक्चर समेत की किताबों को नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी पोर्टल से जोड़ दिया है।
फिलहाल देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों से करीब 2.6 लाख छात्र इस पोर्टल में रजिस्टर्ड हो चुके हैं। इसमें विश्वविद्यालयों के अलावा आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी समेत देशभर से करीब 428 संस्थान शामिल हैं।
डॉ. जाकिर हुसैन लाइब्रेरी के तहत उपलब्ध किताबों समेत अन्य जानकारियों को इस पोर्टल में साझा किया गया है। कुलपति प्रो. तलत अहमद के मुताबिक, अब छात्रों को विभिन्न प्रकार की किताबों के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा, बल्कि डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से वे सीधे पढ़ सकेंगे।
बता दें कि डिजिटल लाइब्रेरी के पोर्टल में फिलहाल साढ़े 15 लाख किताबें उपलब्ध ऑनलाइन उपलब्ध हैं। इस पोर्टल पर उपलब्ध दो लाख आडियो किताब आम लोग भी पढ़ सकते हैं। जबकि अन्य किताबें शिक्षण संस्थानों से पोर्टल में रजिस्टर्ड छात्रों के लिए ही हैं।
इस डिजिटल लाइब्रेरी की देखरेख की जिम्मेदारी आईआईटी खड़गपुर को दी गई है। फिलहाल इसमें 106 लाइब्रेरी भी जुड़ी हैं। यहां पर आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, जेएनयू, डीयू, जामिया, एनसीईआरटी, सीएसआईआर आदि की किताबें भी उपलब्ध हैं।