एनआईटी-3 स्थित दयानंद कॉलेज में शुक्रवार से आवेदन जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। विद्यार्थी को आवेदन के साथ सभी जरूरी दस्तावेज लगाकर कॉलेज में फॉर्म जमा करना होगा।
बता दें कि इस कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया ऑफलाइन है। यहां आवेदन फॉर्म की बिक्री 1 जून से शुरू हो गई थी, लेकिन आवेदन फॉर्म जमा नहीं किए गए।
कॉलेज प्रवक्ता मीना रंगीला ने बताया कि बीते दस दिनों में 2275 फॉर्म की बिक्री हुई है। शुक्रवार से विद्यार्थी आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन के साथ विद्यार्थियों को 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, राशन कार्ड, चरित्र प्रमाण पत्र, दो फोटो सहित अन्य जरूरी दस्तावेज लगाने होंगे।
कॉलेज में कोर्स वाइज डेस्क बनाए गए हैं, जिस कोर्स के लिए आवेदक ने आवेदन भरा है, वह उसी डेस्क पर जमा करना होगा। उन्होंने बताया कि सभी फॉर्म की स्क्रूटनी 4 जुलाई को होगी। इसके बाद 6 जुलाई को पहली, 9 को दूसरी और 13 को तीसरी कट ऑफ जारी की जाएगी।
पहली कट ऑफ में दाखिला लेने वाले छात्रों को तीन दिन के अंदर दाखिला लेना होगा, यदि वह ऐसा नहीं करता तो उसे अंतिम कट ऑफ तक इंतजार करना पड़ेगा।