CBSE class X and class XII exams to now begin from March 9
सीबीएसई ने 10 वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। दोनों ही कक्षाओं की परीक्षाएं 9 मार्च से शुरू होंगी। पांच राज्यों पंजाब, गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड, व उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने के कारण इस बार परीक्षाएं देर से शुरू हो रही हैं। हर साल परीक्षाओं की शुरुआत एक मार्च या दो मार्च से होती है। दसवीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल को और 12वीं कक्षा की परीक्षा 29 अप्रैल को समाप्त होंगी। परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होंगी।
सीबीएसई की दसवीं कक्षा की परीक्षाओं की शुरुआत इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी समेत अन्य 12 अतिरिक्त विषयों के पेपर से होगी। जबकि बारहवीं की परीक्षा की शुरुआत अंग्रेजी के पेपर से होगी। इस बार सीबीएसई की दसवीं व बारहवीं में बैठने वाले छात्रों की संख्या में इजाफा हुआ है। बीते साल दोनों परीक्षाओं के लिए देशभर से कुल 25,56,550 छात्र पंजीकृत हुए थे जो कि इस साल बढ़कर 27,65, 993 हो गए हैं। बारहवीं में बीते साल कुल 10,65,179 छात्र पंजीकृत हुए थे जबकि इस बार 10,98,420 विद्यार्थी परीक्षाएं देंगे।
दसवीं की परीक्षा में इस बार कुल 1667573 छात्र पंजीकृत हुए हैं। इनमें से 884710 छात्र बोर्ड बेस्ड एग्जाम के लिए पंजीकृत हुए हैं जबकि 782863 छात्र स्कूल आधारित परीक्षा देंगे। बीते साल के मुकाबले में बोर्ड आधारित परीक्षा देने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। बीते साल 758116 छात्र बोर्ड बेस्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत हुए थे। बोर्ड ने दसवीं के लिए देशभर में 16,354 स्कूलों में कुल 3,974 सेंटर बनाए हैं। जबकि बारहवीं के लिए 10,677 स्कूलों में 3503 सेंटर बनाए हैं।
यहां देखें सीबीएससी 12वीं परीक्षा का शेड्यूल >>>>>
यहां देखें सीबीएससी 10वीं परीक्षा का शेड्यूल>>>>>