चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने नए सत्र में बड़ा बदलाव करते हुए मेरिट की संख्या घटा दी है। इस बार कॉलेजों को मात्र दो मुख्य और दो ओपन मेरिट दी जाएंगी। बीते वर्ष वर्ष कालेजों को छह मेरिट दी गई थीं।
मेरठ-सहारनपुर मंडल में सीसीएसयू से संबद्ध 66 ऐडेड राजकीय सहित बाकी सभी कॉलेजों में सत्र 2017-18 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एक जून से होंगे। सीसीएसयू 20 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण कराएगी और 25 जून को पहली मेरिट भी जारी कर देगी।
कुलपति प्रोफेसर एनके तनेजा की अध्यक्षता में डीन की बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया है। इस बार दस दिन पहले ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा। छात्र एक जून से 20 जून तक पंजीकरण करा सकेंगे। पिछले साल 10 जून से 25 जून तक यह प्रक्रिया हुई थी।
इस साल यूजी परम्परागत, व्यवसायिक और सेल्फ फाइनेंस सभी कोर्स में एक साथ पंजीकरण शुरू होंगे और सबकी मेरिट भी एक ही साथ आएगी। बैठक में वीसी प्रोफेसर एचएस सिंह, परीक्षा नियंत्रक नारायण प्रसाद, वित्त अधिकारी अनिल अग्रवाल और प्रोफेसर वाई विमला आदि मौजूद रहे।
प्रवेश प्रक्रिया की विशेष बातें
-फोन पर कोई शिकायत नहीं सुनी जाएगी। ऑनलाइन ग्रीवेंस सिस्टम चलेगा।
-एक जून से 20 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण होगा। सौ रुपये फीस प्रस्तावित
-राजकीय, एडेड और सेल्फ फाइनेंस सहित सभी कॉलेजों में मेरिट एक साथ जारी की जाएगी। सभी पर चार मेरिट का फार्मूला होगा।
- पंजीकरण खत्म होने के दो दिन बाद फार्म का प्रिंट आउट ले सकेंगे।
- अंतिम तिथि से पहले छात्र कई बार संशोधन कर सकेंगे।
फार्म में संशोधन तो लगेगा चार्ज
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक पंजीकरण खत्म होने के बाद कोई छात्र अपने फार्म में संशोधन कराएगा तो इसके लिए शुल्क लगेगा। शुल्क पर फैसला होना बाकी है।
प्रोविजनल मेरिट सीटों के सापेक्ष जारी होगी
प्रोविजनल मेरिट सीटों के सापेक्ष जारी होगी। यदि छात्र की रैंक बहुत ज्यादा है और उसे लगता है कि वहां प्रवेश नहीं हो पाएगा तो वह प्रोविजनल मेरिट के बीच अपने कालेज बदल सकेगा।
विश्वविद्यालय पंजीकरण खत्म होने के बाद प्रोविजनल मेरिट जारी करेगा। मेरिट में छात्र यह देख सकेंगे कि उन्होंने जिस कॉलेज में आवेदन किया है वहां उनका प्रवेश संभव है या नहीं। प्रोविजनल मेरिट के बाद विश्वविद्यालय पहली मेरिट जारी करेगी। पहली मेरिट से 25 से 30 जून तक प्रवेश होंगे।
एक मोबाइल पर केवल एक ही फॉर्म
सीसीएसयू इस बार केवल एक मोबाइल नंबर पर मात्र एक ही पंजीकरण स्वीकार करेगी। पिछले साल एक मोबाइल नंबर पर तीन फार्म भरे जा सकते थे।