सेक्टर-55 स्थित एक निजी स्कूल पर एक अभिभावक ने देरी से फीस जमा करने पर छात्र को परेशान करने का आरोप लगाया है। अभिभावक का कहना है कि फीस जमा न करने की वजह से छात्र को अलग कक्षा में बैठाया जा रहा है। इससे बच्चा तनाव में आ गया है।
अभिभावक ने बताया कि उनका पुत्र कक्षा 6 में पढ़ता है। बीते जनवरी में दादी के देहांत होने पर गांव जाना पड़ा था। इस कारण फीस जमा नहीं कर पाए थे। उसके बाद वापस लौटने पर फीस चेक से जमा कराई थी, लेकिन स्कूल वालों का कहना था कि चेक बाउंस हो गया है।
हालांकि उन्होंने इस बात की जानकारी हम लोगों को नहीं दी। तभी से छात्र को परेशान किया जा रहा है। बच्चे को अलग कक्षा में बैठने पर मजबूर किया जा रहा है। जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्कूल ने बच्चे को कक्षा में दूसरे बच्चों के साथ बैठाया है।
वहीं, स्कूल प्रबंधक का कहना है कि पिछले वर्ष नवंबर से लेकर अब तक फीस जमा नहीं कराई है। अभिभावक के फीस जमा करने की कोई निश्चित तिथि भी नहीं है। ऐसे में छात्र को दूसरी कक्षा में बैठाया गया। यही नहीं, फीस के लिए दिया गया चेक भी बाउंस हो चुका है।