दिल्ली विश्वविद्यालय में नीतिगत फैसलों को लेने में अहम भूमिका निभाने वाली एसी (एकेडमिक काउंसिल) और ईसी (एग्जीक्यूटिव काउंसिल) के सदस्यों के चुनाव की घोषणा के साथ ही शिक्षक संगठन ने अपने उम्मीदवार उतारने शुरू कर दिए हैं।
रविवार को डीयू के शिक्षक संगठन नेशनल डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (एनडीटीएफ) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। ये चुनाव 9 फरवरी 2017 को होना है। डीयू अधिसूचना के मुताबिक 2 जनवरी 2017 से दो काउंसिल के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
एनडीटीएफ के महासचिव डॉ. वी एस नेगी ने बताया कि हमने एसी व ईसी चुनाव के लिए अपने पैनल की घोषणा कर दी है। शिक्षकों के बीच हमारी नीति साफ है। शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखकर ही हम अपनी लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने बताया कि ईसी के लिए हमने डॉ. ए. के. भागी को उम्मीदवार बनाया है। उनके पास शिक्षकों के हित के लिए काम करने का लंबा अनुभव है। वह पहले भी ईसी, एसी और डूटा में रह चुके है। वह एनडीटीएफ के अध्यक्ष और महासचिव भी रहे है।
डॉ. नेगी के मुताबिक डॉ. ए. के. भागी का शैक्षणिक विधा से जुड़े लोगों के बीच एक अलग विश्वसनीयता है। इसलिए हमने उन्हें डीयू की ईसी के लिए उम्मीदवार बनाया है। इसके अलवा एसी में पांच लोगों कै पैनल उतारा गया इसमें शहीद भगत सिंह कॉलेज की कॉमर्स विभाग से डॉ. गीता भट्ट, जियोग्राफी विभाग से डॉ. आरएन दुबे, भगत सिंह कॉलेज से कॉमर्स विभाग के शिक्षक डॉ. सुनील कुमार, डॉ. संजीव गोयल शिवाजी कॉलेज और डॉ. केपी सिंह को उतारा गया है।