जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष मोहित कुमार पांडे ने कहा कि विश्वविद्यालय कैंपस की दिक्कतों को दूर करने की शुरुआत हॉस्टल की कमी से होगी। लखीमपुर खीरी निवासी मोहित ने लखनऊ और फिर हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी से जेएनयू तक के सफर में जो आंदोलन देखे हैं, उसे मोदी सरकार के खिलाफ घेरने की रणनीति में प्रयोग किया जाएगा।
मोहित का कहना है कि बेशक लेफ्ट गठबंधन से छात्रसंघ बना हो, लेकिन छात्र हित को सर्वोपरि रखा जाएगा। हॉस्टल न मिलने के चलते छात्राएं दाखिला सीट छोड़ देती हैं, इस समस्या को दूर करने की शुरुआत मंगलवार से हो जाएगी।
कैंपस की दिक्कतों को दूर करने के साथ हम यूपी चुनाव में मोदी सरकार के खिलाफ भी हल्ला बोलेंगे। यूपी में बीजेपी को तीसरा विकल्प किसी कीमत पर नहीं बनने देंगे।
मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदेशभर में लोगों को जागरूक किया जाएगा। कैंपस में जेंडर जस्टिस पर काम होगा। कैंपस हो या फिर बाहर महिलाओं की सुरक्षा पर आवाज बुलंद करते रहेंगे। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट, स्कॉलरशिप आदि के मुद्दों पर किए गए वादों को भी पूरा किया जाएगा।