महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के बीए तृतीय सेमेस्टर के ओल्ड रिअपीयर विद्यार्थियों द्वारा 30 नवंबर को दिए गए अंग्रेजी विषय के पेपर को विश्वविद्यालय ने रद्द कर दिया है। अब यह परीक्षा 26 दिसंबर को उसी परीक्षा केंद्र पर आयोजित की जाएगी।
श्री शांतिसागर जैन कन्या महाविद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. रामजी तिवारी ने बताया कि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के अंतर्गत बीए तृतीय सेमेस्टर की अंग्रेजी विषय के ओल्ड रिअपीयर विद्यार्थियों ने 30 नवंबर को परीक्षा दी थी।
अंग्रेजी विषय की इस परीक्षा में विश्वविद्यालय द्वारा दिए गए प्रश्नपत्र में लगभग 80 प्रतिशत प्रश्न सिलेबस से बाहर आए थे। जिसकी वजह से अधिकांश विद्यार्थियों की परीक्षा सही प्रकार से नहीं हो सकी थी और विद्यार्थी काफी परेशान थे।
काफी विद्यार्थियों ने इसकी शिकायत एमडीयू के आला अधिकारियों से की। विद्यार्थियों की समस्या को जायज मानते हुए एमडीयू के अधिकारियों ने इस परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया है।