दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में अब इंजीनियरिंग के साथ-साथ बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स, बीबीए और एमबीए डिग्री प्रोग्राम की भी पढ़ाई कराई जाएगी। विश्वविद्यालय की एकेडमिक काउंसिल ने नए प्रोग्राम शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इसी सत्र से शुरू होने वाले तीनों डिग्री प्रोग्राम के लिए डीटीयू जून के आखिर तक आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा। बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स और बीबीए में 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट से दाखिला होगा।
डीटीयू के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बताया कि बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स, बीबीए और एमबीए डिग्री प्रोग्राम जुलाई सत्र से शुरू किए जाएंगे। पूर्वी दिल्ली स्थित सूरजमल विहार में शुरू होने वाले नए कैंपस में इनकी पढ़ाई होगी। बीबीए, बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स और एमबीए के सभी प्रोग्राम में 120 सीटों का इंटेक होगा।
एमबीए पब्लिक पॉलिसी मैनेजमेंट, एमबीए बिजनेस एनलिटिक्स और पीएचडी में 30-30 सीटों का इंटेक होगा। इसके अलावा एमबीए फैमिली बिजनेस एंड एंट्रेप्रिन्योरशिप व एमबीए फाइनेंशियल मार्केट में 60-60 सीटों पर दाखिले होंगे।
बता दें कि डीटीयू इंजीनियरिंग के क्षेत्र में बीटेक, एमटेक और पीएचडी की पढ़ाई कराता है। यहां बीटेक के छात्रों को सवा करोड़ से अधिक की प्लेसमेंट का रिकॉर्ड है। इसके अलावा डीटीयू छात्रों के प्लेसमेंट के मामले में आईआईटी दिल्ली से भी आगे है।