नियम 134 ए के तहत निजी स्कूलों में रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए रविवार को जिले के 3 केंद्रों पर मूल्यांकन परीक्षा होगी। जिसमें 1086 विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। सुबह नौ बजे से परीक्षा शुरू हो जाएगी, जो दोपहर 12 बजे तक चलेगी।
परीक्षा केंद्र प्रभारी एवं ड्यूटी पर रहने वाले शिक्षकों को सुबह 8 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्यार्थियों को एक घंटे पहले पहुंचने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा आग्रह किया गया है, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जाए। हालांकि इस बार 12 वीं कक्षा में दाखिले के लिए 10, ग्यारहवीं कक्षा के लिए 18, 10 वीं कक्षा के लिए 29 विद्यार्थी भाग लेंगे।
फरीदाबाद में एनआईटी-पांच स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी तीन स्थित राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एवं बल्लभगढ़ में सेक्टर सात स्थित वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। रविवार को होने वाली परीक्षा में फरीदाबाद में 733 विद्यार्थी एवं बल्लभगढ ब्लॉक में 351 विद्याथी मूल्यांकन परीक्षा देंगे।
नियम 134 ए के तहत दाखिले की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए जिले के तीनों परीक्षा केंद्र पर उत्तरपुस्तिका की जांच उसी दिन होगी। इसके लिए मुख्य परीक्षक को निर्देशित कर दिया गया है। माना जा रहा है कि उसी दिन परीक्षा परिणाम को तैयार कर लिया जाएगा। शिक्षा विभाग के निर्देश अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा के लिए 3 केंद्र बनाए गए है। 1086 विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। सुबह नौ बजे से परीक्षा शुरू हो जाएगी। विद्यार्थी पहचान के लिए आधार कार्ड एवं अन्य प्रुफ साथ लेकर पहुंचे। -सतेंद्र कौर, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, फरीदाबाद