देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान में दाखिले के लिए एक दिसंबर से ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) मेंस 2018 की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन के साथ ही ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में से किसी एक में छात्र परीक्षा दे सकते हैं।
इस बार गुरुग्राम में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड की परीक्षा होगी। जेईई मेन्स का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 1 से 31 दिसंबर तक होगा। परीक्षा एक दिन ऑफलाइन और दो दिन ऑनलाइन होगी।
सीबीएसई द्वारा जेईई मेंस ऑफलाइन परीक्षा 08 अप्रैल 2018 को आयोजित होगी। जबकि 15-16 अप्रैल 2018 को ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन होगा। इस बार छात्रों को ऑनलाइन मोड में परीक्यषा देना काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।
ऑनलाइन परीक्षा में छात्रों को अंग्रेजी के साथ हिन्दी में परीक्षा का उत्तर देने की आजादी होगी। वहीं, ऑफलाइन मोड में परीक्षा देने वाले छात्रों को आवेदन के वक्त दिए भाषा विकल्प के आधार पर परीक्षा देना होगा।
मसलन, अगर परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी भरा है तो उसे केवल अंग्रेजी में ही प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। बता दें कि इस परीक्षा के रैंक के आधार पर ही बेहतरीन इंजीनियरिंग संस्थान में दाखिले की राह खुलती है।