राजधानी में जल्द ही शुरू होने वाले नर्सरी दाखिले के लिए निजी स्कूलों की जानकारी लेने के लिए अलग-अलग वेबसाइट नहीं देखनी होगी। अभिभावकों को स्कूलों की हर प्रकार की जानकारी एक प्लेटफॉर्म पर ही मिल जाएगी। शिक्षा निदेशालय ने निजी स्कूलों की जानकारी के लिए नया मॉड्यूल तैयार किया है।
इस मॉड्यूल पर स्कूलों को अपनी जानकारी देने के लिए व अपडेट करने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। मॉड्यूल पर जानकारी उपलब्ध होने से स्कूल के संबद्धता स्टेटस, जमीन स्टेटस, स्कूल को जमीन का आवंटन किन शर्तों पर हुआ, का पता चल सकेगा।
शिक्षा निदेशालय की ओर से पहले ही आर्थिक पिछड़े वर्ग व वंचित वर्ग की सीटों, दाखिले की जानकारी व अन्य वर्गों की सीटों के स्टेटस की जानकारी के लिए ऑनलाइन मॉड्यूल उपलब्ध है।
निदेशालय ने ऐसा महसूस किया कि कई निजी स्कूल जो जानकारी उपलब्ध कराते हैं वह विरोधाभासी होती है और उसकी प्रमाणिकता पर भी सवाल उठता है। वहीं तीन मॉड्यूल होने के कारण स्कूलों के लिए भी असमंजस की स्थिति रहती है। साथ ही निदेशालय को भी उन्हें मानिटर करने में दिक्कत आती है।
ऐसे में इन तीनों मॉड्यूल को बंद करके एक नया मॉड्यूल तैयार किया गया है। पहले के तीनों मॉड्यूल की सूचना नए पर ट्रांसफर कर दी गई है। अब नए मॉड्यूल के माध्यम से सामान्य श्रेणी की सीटों, दाखिले, खाली सीटों की जानकारी भी उपलब्ध होगी।
इसके साथ ही स्कूल कब स्थापित हुआ, स्कूल को संबद्धता कब मिली, स्कूल में किन विषयों की पढ़ाई होती है, स्कूल किस विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, स्कूल सेकेंडरी है या सीनियर सेकेंडरी, स्कूल प्रिंसिपल व स्कूल मैनेजर का नंबर के संबंध में जानकारी मिल सकेगी। स्कूलों को कहा गया है कि वह मॉड्यूल पर जो जानकारी उपलब्ध कराएं वह सही हो, गलत जानकारी देने पर स्कूल मैनेजमेंट स्वयं जिम्मेदार होगा।