अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के कॉलेजों में दाखिले के लिए 16 अप्रैल को परीक्षा हुई थी। इसका परिणाम 30 मई को घोषित किया जाएगा। रिजल्ट आने के बाद एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
दरअसल, ग्रेटर नोएडा के 48 कॉलेजों में एकेटीयू की काउंसलिंग के माध्यम से एडमिशन होने हैं। शहर के कॉलेजों में बीटेक की लगभग 18 हजार सीटें हैं। इनमें 35 से 40 फीसदी सीटें काउंसलिंग के माध्यम से भरी जाती हैं। इनमें से सात से आठ अच्छे कॉलेजों में सीएस, आईटी, मैकेनिकल ट्रेड की सीटें भर जाती हैं।
वहीं, एकेटीयू की ओर से जानकारी दी गई है कि यदि कोई छात्र अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं होता है तो उसके लिए वह ऑनलाइन स्क्रूटनी फॉर्म भर सकता है। स्क्रूटनी के लिए उसे पांच हजार रुपये फीस जमा कराकर छह जून तक आवेदन करना होगा। इसके बाद दोबारा से उसकी कॉपी जांची जाएगी। मांग पर उसकी कॉपी को नेट पर डाल भी दिया जाएगा। ताकि वह संतुष्ट हो सके।
बताया गया है कि कॉलेजों का प्रयास है कि काउंसलिंग में अधिक से अधिक सीटें भर जाएं। हालांकि, काउंसलिंग के बाद सीधे सीटों पर एडमिशन के लिए भी कई कॉलेज एजेंट कंपनियों के संपर्क में हैं।