दिल्ली विश्वविद्यालय में नए सत्र की शुरुआत से पहले मंगलवार को पांचवीं व अंतिम लिस्ट के दाखिले शुरू हो गए हैं। पांचवीं कट ऑफ में विभिन्न कोर्सेज में हुई गिरावट का नतीजा यह रहा कि एक बार फिर से शिफ्टिंग शुरू हो गई।
छात्रों ने दाखिले रद्द कराकर किसी अन्य कॉलेज में दाखिला लिया। खासकर बीकॉम ऑनर्स व ईको ऑनर्स में दाखिले हुए। आउट कैंपस कॉलेजों में लगभग 20 से 50 के आसपास दाखिले रद्द हुए।
आखिरी कट ऑफ होने के कारण मंगलवार सुबह से ही कॉलेजों में विद्यार्थियों की गहमागहमी देखने को मिली। सीट भरने की आंशका के चलते छात्रों ने पहले दिन ही दाखिला कराया।
पांचवीं लिस्ट के दाखिलों का दौर बुधवार तक जारी रहेगा। चूंकि इस कट ऑफ लिस्ट में भी कुछ कैंपस समेत अन्य कॉलेजों में गणित, बीकॉम ऑनर्स, अंग्रेजी ऑनर्स व बीए प्रोग्राम में दाखिले का विकल्प है।
सामान्य के लिए दाखिले के अवसर बेहद ही सीमित हो गए हैं। लिहाजा जिस छात्र को जिस कोर्स में दाखिला मिला उसने ले लिया। वहीं कॉलेज प्रशासन कुछ परेशान भी हैं। क्योंकि पांचवीं लिस्ट में सीटें खाली हो रही है।
शिवाजी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ शशि निझावन ने बताया कि मंगलवार को जहां 100 दाखिले हुए वहीं 50 दाखिले रद्द भी हुए। काफी छात्र बीकॉम पास से बीकॉम ऑनर्स में जा रहे हैं।
वहीं आर्यभट्ट कॉलेज में भी लगभग 29 दाखिले रद्द कराए गए जिसमें बीकॉम पास व ईको ऑनर्स शामिल हैं। जहां तक दाखिले की बात है तो केवल 50 दाखिले ही हुए।