महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) से संबंधित शहर के तीनों कॉलेजों में तीसरे कटऑफ के अंतर्गत दाखिले हो चुके हैं। मगर अभी भी विभिन्न कोर्सों में कुछ सीटें खाली हैं। इसे देखते हुए कॉलेजों में इन बची सीटों पर दाखिले के लिए सोमवार को अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसके चलते कॉलेजों ने अपने स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है।
इन बची सीटों पर नियम के अनुसार दाखिले होंगे। बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी हैं, जिन्होंने दाखिले के लिए आवेदन किया था मगर कटऑफ लिस्ट में नाम नहीं आया। अब इन सभी को लग रहा है कि उनके लिए यह सुनहरा मौका है।
शहर के सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय बीएसई होम साइंस, राजनीति शास्त्र ऑनर्स, हिंदी ऑनर्स, इतिहास ऑनर्स, बीए पास कोर्स, बीएसई मेडिकल, बीकॉम व बीसीए कोर्स में सीटें खाली हैं। एमडीयू के जनसूचना निदेशक सुनित मुखर्जी का कहना है कॉलेजों में बची सीटों पर दाखिले से संबंधित निर्देश दिए जा चुके हैं। उसी के अनुसार यह दाखिले होंगे।
कॉलेजों की ओर से इन खाली सीटों पर दाखिले मेरिट के अनुसार होंगे। वरीयता में जिनकी मेरिट ज्यादा होगी, उन्हें दाखिला दिया जाएगा। राजकीय महिला महाविद्यालय की प्राचार्य चेतना सहरावत का कहना है कि सोमवार को कॉलेज में दाखिले की इच्छुक छात्राएं आएंगी।
इन सभी को उच्चतर शिक्षा विभाग व एमडीयू के शेड्यूल और नियम के अनुसार दाखिला दिया जाएगा। बता दें कि राजकीय महिला महाविद्यालय छात्राओं का सबसे पसंदीदा कॉलेज है। जिन छात्राओं का शहर के दो अन्य कॉलेजों द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-9 में दाखिला हो चुका है, लेकिन अगर उन्हें यहां की बची सीटों पर दाखिला मिलता है तो वह मौका नहीं छोड़ना चाहती हैं।