दिल्ली विश्वविद्यालय में अकादमिक काउंसिल (एसी) की 26 सीटों व एग्जीक्यूटिव काउंसिल (ईसी) की 2 सीटों के लिए चुनाव संपन्न हो गए। अब शुक्रवार से मतगणना शुरू होगी, जिसके बाद रिजल्ट आने शुरू हो जाएंगे।
पूरे रिजल्ट रविवार तक आने की संभावना है। उधर, एसी के चुनाव में खड़े उम्मीदवार ने आरोप लगाया है कि लगभग छह कॉलेजों में तदर्थ शिक्षक अपने वोट का प्रयोग नहीं कर पाए।
अकादमिक काउंसिल का चुनाव लड़ रहे प्रो. हंसराज ने इस संबंध में डीयू के वीसी प्रो. योगेश कुमार त्यागी और रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर मांग की है कि वह हस्तक्षेप कर इन कॉलेजों में पुन: चुनाव कराने के आदेश दें।
प्रो. हंसराज ने बताया कि लक्ष्मी बाई, कमला नेहरू, जानकी देवी, राजकुमारी अमृत कौर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी व दौलत राम कॉलेज के तदर्थ शिक्षक अपने वोट का प्रयोग नहीं कर पाए।
इन कॉलेजों के प्रिंसिपल ने अपने कॉलेजों के एडहॉक टीचर्स की लिस्ट यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार को नहीं भेजी। लिहाजा इन कॉलेजों के एडहॉक टीचर्स एसी और ईसी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह गए।
उनका कहना है कि यह घटना जिस कारण भी हुई हो, किंतु इसकी जांच पड़ताल होनी चाहिए कि आखिर कॉलेजों द्वारा तदर्थ शिक्षकों के नामों को प्रिंसिपल ने क्यों नहीं भेजा, यदि भेजा है तो वोटर लिस्ट में उनके नाम क्यों नहीं आए।
वहीं बताया जा रहा है कि पीजीडीएवी कॉलेज में 280 में से 248, रामजस में 236 में से 193, एसआरसीसी में 122 में से 78, राजधानी में 367 में से 337 व देशबंधु कॉलेज में 401 में से 352, मिरांडा में 373 में से 268 और सत्यवती में 245 में से 225 वोट पड़े हैं।