सरकारी स्कूलों के शिक्षक देश के दूसरे हिस्सों में जाकर बेहतरीन शिक्षा मॉडल का अध्ययन करेंगे। दिल्ली सरकार अपने स्कूलों में मेंटर टीचर्स प्रोग्राम के तहत तैयार किए गए 200 मेंटर टीचर्स को देश के दूसरे हिस्सों में भेजेगी। शिक्षकों का यह समूह अलग-अलग हिस्सों में जाएगा।
इसमें मुंबई, राजस्थान, बंगलूरू और गुजरात शामिल हैं। शिक्षा निदेशालय के मुताबिक मेंटर शिक्षक शिक्षा मॉडल का अध्ययन कर अच्छी बातों को अपने यहां लागू करेंगे।
मेंटर टीचर्स दिल्ली में शिक्षकों को भी प्रशिक्षण देंगे जिससे उस व्यवस्था को यहां भी लागू किया जा सके। सरकारी स्कूल के शिक्षक इस एजुकेशन इनोवेशन टूर के तहत जहां विजिट करेंगे उसमें दिगांतर विद्यालय, ग्रामीण शिक्षा केंद्र, गुजरात में अनुपम मोदी दाउ प्राइमरी स्कूल और ज्ञानशाला शिक्षण केंद्र शामिल हैं।
शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया का कहना है कि मेंटर टीचर्स का यह समूह मार्च में टूर पर जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षक वहां से जो सीखकर आएंगे वह आगे अपने साथी शिक्षकों को भी बेहतर बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि बीते दो साल से हम हर वह संभव कोशिश कर रहे हैं जिससे शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। वह फिर स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की बात हो या फिर शिक्षकों के प्रशिक्षण की। सभी जरूरी कदम उठाएं गए हैं।