दिल्ली में चबाने वाले सभी प्रकार के तंबाकू को पूरी तरह प्रतिबंधित करने की तैयारी तेज कर दी गई है। राजधानी को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए बृहस्पतिवार को राज्य स्तरीय तंबाकू नियंत्रण समिति की बैठक हुई।
बैठक में तंबाकू पर टैक्स बढ़ाने की सहमति भी बनी। मुख्य सचिव एसएस श्रीवास्तव ने बैठक में राजधानी को टोबैको फ्री बनाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में चबाने वाले सभी तरह के तंबाकू को पूरी तरह से प्रतिबंधित करने के लिए उचित कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही महीने के अंतिम दिन को तंबाकू उत्पादों के लिए ड्राई डे रखने के कॉन्सेप्ट को जारी रखने का निर्णय लिया गया।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली बैठक में वित्त सचिव एमएम कुट्टी के अलावा स्वास्थ्य सचिव एससीएल दास, समाज कल्याण सचिव सतबीर साइलस बेदी, खाद्य सुरक्षा आयुक्त एसएस कनावत समेत कई अन्य अधिकारी शामिल हुए।
मुख्य सचिव ने तंबाकू बिक्री व इस्तेमाल से जुड़े विज्ञापन को रोकने के निर्देश दिए। विशेष तौर पर दूसरे राज्यों से आने वाली बसों में इसकी जांच करें।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा आयुक्त को कहा है कि कानून विभाग की सहायता से चबाने में इस्तेमाल सभी तरह के तंबाकू पर प्रतिबंध के लिए जरूरी कदम उठाएं और अधिसूचना जारी करें।