चिरंजीव विहार में चाभी बनाने वाले एक अधेड़ ने अलमारी की तिजोरी का लॉक सही करने के बहाने पांच लाख की ज्वैलरी चुरा ली। वारदात को रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी के घर अंजाम दिया। इस संबंध में पुलिस से शिकायत नहीं की गई है।
कर्मचारी के रिश्तेदार ने बताया कि मोहल्ले में चाभी बनाने वाला एक व्यक्ति (55) घूम रहा था। परिवार ने अलमारी का लॉक सही करने के लिए उसे घर में बुला लिया।
इस दौरान उसे जो चाभियों का गुच्छा दिया गया, उसमें तिजोरी की चाभी थी। आरोप है कि दो लॉक तो चाभी बनाने वाले ने सही कर दिए और चुपके से तिजोरी में रखी पांच लाख की ज्वैलरी चोरी कर ली।
इसके बाद गुमराह करने के लिए तिजोरी की चाभी खराब कर दी, बताया कि तिजोरी की चाभी वह बाद में लाकर सही कर देगा। उसके जाने के बाद सरकारी कर्मचारी को शक हुआ तो उन्होंने दूसरा कारीगर बुलाकर तिजोरी का लॉक सही कराया।
इस दौरान तिजोरी से ज्वैलरी गायब देख उन्हें घटना की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि जल्द ही कविनगर पुलिस से शिकायत की जाएगी।