हैलो मैं मन्नू बोल रहा हूं, 50 हजार रुपये पहुंचा दे, रुपये नहीं दिए तो गोली खाने को तैयार रह। जी हां मंगलवार को करोल बाग इलाके में एक कारोबारी के पास ऐसा ही धमकी भरा फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को तिहाड़ जेल में हत्या के मामले में बंद बदमाश मन्नू बताया।
कारोबारी ने जब रुपये देने से साफ इंकार कर दिया, तो अगले दिन बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके घर पर दो गोलियां चला दीं। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
एसीपी और इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचकर अभी छानबीन कर ही रहे थे कि इसी बीच कारोबारी के मोबाइल पर दोबारा फोन आया और अगली गोली उसे (कारोबारी) मारने की बात कही। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड और घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित जुगल किशोर (63) परिवार के साथ रैगरपुरा में रहते हैं। इनका रियल इस्टेट का कारोबार है। मंगलवार रात को जुगल अपने घर पर मौजूद थे। इस बीच उनके मोबाइल पर एक कॉल आया।