फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में प्रॉपर्टी डीलिंग कंपनी में काम करने वाली महिला को एक युवक ने कार में बैठाकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। पीड़िता ने पति और भाई को फोन कर सूचना दी। दोनों ने पहुंच कर महिला को छुड़ाया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सेक्टर-7 थाना क्षेत्र निवासी एक महिला एक प्रॉपर्टी डीलिंग कंपनी में दो साल से नौकरी करती है। उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह श्रीकांत नाम के युवक ने प्लॉट खरीदने के लिए फोन कॉल की। इस पर उन्होंने उसे ऑफिस में आने को कहा। थोड़ी देर बाद युवक ने फिर फोन कर कहा कि वह साइट देखना चाहता है।
महिला का आरोप है कि श्रीकांत साइट देखने के बहाने उसे जबरन अपनी कार में बैठा कर ले गया। थोड़ी दूर जाने के बाद उसने महिला के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। पीड़िता ने पति और भाई को एसएमएस कर मदद मांगी। पति और भाई ने पीछा कर सेक्टर-2 स्थित बाईपास के पास कार रुकवा कर महिला को बचाया। आरोपी कार लेकर फरार हो गया। महिला एसआई कमलेश ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
साली से की अश्लील हरकत, जेल गया
वहीं दूसरी ओर बल्लभगढ़ के सेक्टर-7 थाना क्षेत्र निवासी महिला सोमवार की शाम एक कॉलोनी निवासी अपनी बहन से मिलने उसके घर गई थी। पीड़िता का आरोप है कि घर पर बहन नहीं मिली और जीजा ने अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकत की। किसी तरह अपने को छुड़ाकर वह घर पहुंची। पीड़िता और उसके पति ने सेक्टर-7 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला एएसआई कमलेश ने बताया कि आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।