सोहना रोड स्थित एक नामी कॉल सेंटर की बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर से गिरकर एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने उसके दो सहकर्मियों और एक महिला मित्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से दिल्ली शाहदरा निवासी गौरव अरोड़ा (34) सोहना रोड के वाटिका चौक पर स्थित कन्वर्जिज कॉल सेंटर में नौकरी करता था।
बृहस्पतिवार को वह बिल्डिंग के बेसमेंट की सीढ़ियों के पास घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसे सोहना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
सूचना के बाद पुलिस ने इस मामले को हादसे के रूप में दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। लेकिन शनिवार को मृतक के पिता अशोक कुमार अरोड़ा ने पुलिस को दिए बयान में उसकी महिला मित्र ललूना और उसकी दो अन्य सहकर्मी पर हादसे में शामिल होने का आरोप लगाया है।
इसके बाद शनिवार को पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए युवती को नामजद करते हुए उसके अन्य सहकर्मियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी ललूना के बीच काफी समय से दोस्ती थी लेकिन कई दिनों से दोनों के बीच तनाव चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त युवक छत पर खड़ा हुआ था। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उस वक्त युवक के पास और कौन-कौन मौजूद था।
बादशाहपुर थाना प्रभारी के मुताबिक इस मामले की जांच की जा रही है कि युवक ने खुद छलांग लगाई या उसे धक्का दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।