नूंह।
जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फिरोजपुर झिरका सीआईए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव रानियाली में छापेमारी कर अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी फारूक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। फिरोजपुर झिरका के डीएसपी हरदीप सिंह ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन के निर्देश पर अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहे है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव रानियाली निवासी फारूक और उसका साथी अवैध हथियार रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर गठित टीम ने छापेमारी की, जिसमें एक देसी कट्टा .315 बोर, एक नाली देसी बंदूक, पांच जिंदा कारतूस, .315 और 12 बोर के सात खाली कारतूस, एक तलवार तथा एक बटनदार चाकू बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से फारूक को गिरफ्तार कर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।