सागरपुर इलाके में शनिवार देर रात एक कैब चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके गर्दन पर तीन गोलियां मारी गई हैं। पुलिस ने लूटपाट से इंकार किया है। शुरूआती जांच में रंजिश की बात सामने आ रही है। मृतक की शिनाख्त नजफगढ़ स्थित सरस्वती एंक्लेव जोगिंदर उर्फ सोनू (25) के रूप में हुई है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर मृतक के परिवार वालों से पूछताछ कर रही है।
शनिवार रात एक राहगीर ने करीब पौने एक बजे पुलिस को सूचना दी कि डाबड़ी एक्सटेंशन नाला रोड स्थित गोपाल मंदिर के पास एक व्यक्ति जख्मी हालत में पड़ा है। पुलिस को घटनास्थल पर एक वैगनआर कार खड़ी मिली। सामने ही एक शख्स घायल पड़ा हुआ था। पीसीआरकर्मियों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसके गर्दन पर तीन गोली लगी थी। घटनास्थल की छानबीन के दौरान पुलिस को तीन खोखे, पांच कारतूस और एक मैगजीन मिली है।
जोगिंदर के पिता की भी हुई थी हत्या
जोगिंदर मूलत: गांव बरोणा सोनीपत का रहने वाला था। उसका एक भाई रवि उर्फ लांबा जेल में बंद है। कुछ माह पहले उसके पिता अत्तर सिंह की गांव में ही रवि उर्फ मुनिया नाम के बदमाश ने साथियों के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसके बाद से जोगिंदर की सुरक्षा में एक सिपाही संदीप तैनात था। लेकिन जोगिंदर उसे दिल्ली लेकर नहीं जाता था। पुलिस ने इसी रंजिश की वजह से उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। फिलहाल पुलिस की एक टीम को हरियाणा स्थित उसके गांव के लिए रवाना कर दिया गया है, जो परिवार वालों से पूछताछ के साथ साथ आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास करेंगे।