बदरौला में बिजली विभाग के सीए को दो हजार रुपये रिश्वत लेते विजिलेंस टीम ने रंगेहाथ पकड़ा। बिजली का बिल सही करने के नाम पर रिश्वत मांगे जाने पर मंधावली गांव निवासी भंवर सिंह ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी।
विजिलेंस टीम प्रभारी इंस्पेक्टर समरथ सिंह हुड्डा ने बताया कि मंधावली गांव निवासी भंवर सिंह का बिजली बिल काफी समय से गलत आ रहा था। भंवर सिंह पर बिजली विभाग का करीब बारह हजार रुपया बकाया हो गया था।
बिल ठीक कराने के लिए एसडीओ ने उन्हें सीए से मिलने को कहा था। सीए किशन सिंह ने बिल सही करने के लिए भंवर सिंह से पांच हजार रुपये मांगे थे। मोल-तोल कर मामला दो हजार रुपये पर तय हुआ।
इसके बाद उन्होंने विजिलेंस से शिकायत कर दी। मंगलवार दोपहर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार राज सिंह विजिलेंस टीम के साथ बदरौला सब डिविजन पहुंचे।
यहां भंवर सिंह ने विजिलेंस टीम की ओर से दिए गए केमिकली ट्रीटेड नोट सीए किशन सिंह को दिए। उनके रुपये लेते ही विजिलेंस टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। समरथ सिंह ने बताया कि किशन सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।