गेस्ट हाउस संचालक ने सोमवार की रात घर की लॉबी में फांसी लगाकर जान दे दी। आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कलह बताई जा रही है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
धर्मेंद्र उर्फ मिंटू एनआईटी-एक स्थित सागर गेस्ट हाउस संचालक था। कुछ दिन पहले ही वह पिता महेंद्र शर्मा का साथ छोड़कर पत्नी अंजली और बच्चों के साथ एनआईटी-2 में किराये के मकान में रह रहा था।
सोमवार शाम मिंटू ससुराल से वापस लौटा था। खाना खाने से पहले वह सिगरेट पीने के बहाने कमरे से बाहर निकल गया। बाहर से कमरे की कुंडी लगाने के बाद लॉबी के सीलिंग फैन में फंदा डाल कर फांसी पर झूल गया।
काफी देर तक पति के न लौटने पर मिंटू उसे बुलाने बाहर निकलना चाही तो दरवाजा नहीं खुला। इस पर उसने मकान मालिक को आवाज देकर दरवाजा खोलने को कहा।
मकान मालिक ने मिंटू का शव फांसी पर लटकता पाया और दरवाजा खोल कर अंजली को इसकी जानकारी दी। एसएचओ कोतवाली ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।