दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर स्थित शराब की दुकानों ने अब लोगों के आधार कार्ड या अन्य निवास प्रमाण पत्र मांगने शुरू कर दिया है। यह कदम वो इसलिए उठा रहे हैं क्योंकि उन्हें पता चला है कि दिल्ली में शराब के दाम 70 प्रतिशत बढ़ने के बाद अब दिल्ली-यूपी की सीमा पर रहने वाले लोग गाजियाबाद में आकर शराब खरीद रहे हैं।
दिल्ली की सीमा से सटे करीब 20 ऐसे इलाके हैं जैसे- महाराजपुर, भोपुरा, कौशांबी, शालीमार गार्डन, चंद्र नगर, खोड़ा और लोनी। भोपुरा में दुकान चलाने वाले एक दुकानदार का कहना है कि मंगलवार को दिल्ली के कई लोग गाजियाबाद से शराब खरीद कर ले गए। इसके बाद हमने बुधवार से लोगों के आधार कार्ड जांचने शुरू कर दिए हैं क्योंकि ऐसा स्थानीय पुलिस का आदेश है।
कौशांबी की एक दुकान में काम करने वाले एक कर्मचारी ने बताया कि हमारे पास तो पर्याप्त स्टॉक नहीं है, लोग दिल्ली से हमें फोन कर रहे हैं लेकिन हमारे लिए उनकी मांग पूरी करना संभव नहीं है।
वहीं जिला के आबकारी अधिकारी मुबारक अली ने कहा कि ऐसा कोई आदेश हमारी तरफ से जारी नहीं हुआ है कि सिर्फ यूपी के लोगों को ही शराब बेचें। अगर यह सच है कि दिल्ली के लोग आकर शराब खरीद रहे हैं तो हम कार्रवाई करेंगे।