नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह कार सवार लुटेरों ने ज्वेलर की कार को ओवरटेक करके हथियारों के बल पर उनका अपहरण कर लिया। बदमाशों ने कार में रखी 100 किलोग्राम चांदी लूट ली।
साथ ही कार सवार ज्वेलरों की सोने की चेन, हीरे की अंगूठी और करीब 30 हजार रुपये नगद भी छीन लिए। बदमाश करीब चार घंटे तक दोनों ज्वेलरों को कार में डालकर घुमाते रहे। दोपहर करीब 12 बजे कुलेसरा पुल के पास उन्हें उतारकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक बुलंदशहर के यमुनापुरम निवासी अजय वर्मा का सर्राफे का काम है और राखी ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है। पीड़ित का आरोप है कि रविवार को उनका बेटा अमन और दामाद राहुल अपनी सनी कार से पहले मथुरा गए और वहां से चांदी लेकर दिल्ली आ गए।
दिल्ली से और चांदी लेने लेने के बाद सोमवार सुबह चांदनी चौक से एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा से बुलंदशहर जा रहे थे। करीब 8 बजे के जब उनकी कार नलगढ़ा-सफीपुर की ओर पहुंची तो उसी समय एक सेंट्रो और स्कोडा कार ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
व्यापारी की कार का शीशा तोड़कर अपहरण
बदमाशों ने पिस्टलों से व्यापारी की कार का शीशा तोड़कर दोनों को हथियारों के बल पर अपहरण कर अपनी स्कोडा कार में डाल दिया। एक बदमाश उनकी कार को परीचौक से नोएडा की ओर ले गया जबकि दो बदमाश दोनों व्यापारियों को परीचौक से होते हुए ग्रेटर नोएडा में करीब चार घंटे तक घुमाते रहे।
बदमाशों ने कुलेसरा के पास उन्हें कोल्डड्रिंक भी पिलाई। मगर उन्होंने शोर नहीं मचाया। इसके बाद फिर से कुलेसरा पुल पर पहुंचे और दोनों को नीचे उतार दिया। बदमाशों ने धमकी दी कि अगर उसने शोर मचाया या पुलिस को सूचना दी तो गोली मार दी जाएगी। जाने से पहले बदमाशों ने नोएडा के सुरभि अस्पताल के पास उनकी कार खड़ी होने की बात कही।
दोपहर 1 बजे के करीब दोनों ऑटो से नोएडा के सुरभि अस्पताल पहुंचे और रिश्तेदारों को सूचना दी। व्यापारियों ने पाया कि कार की डिग्गी में रखी चांदी गायब थी। इसके बाद दोनों व्यापारियों के रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी कैमरे से जांच पड़ताल
पुलिस ने बताया कि मामला नॉलेज पार्क कोतवाली का है। जब वहां पहुंचे तो पुलिस ने बताया कि यह तो सूरजपुर क्षेत्र की घटना है। पुलिस ने मौका मुआयना किया और एक्सप्रेस वे पर लगे सीसीटीवी कैमरे से जांच पड़ताल की।
उधर, देर रात को पीड़ित व्यापारी अजय वर्मा की ओर से कोतवाली में घटना की तहरीर दे दी है। एसपी संजय सिंह का कहना है कि घटना की तहरीर आ गई है और 100 किलो चांदी तथा कुछ अन्य सामान लूटा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों का दावा है कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर जिस समय घटना हुई थी वहां बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि बदमाशों की कारों के रंग और नंबर कैमरे में कैद हो गए हैं जिसके आधार पर जांच की जा रही है।