बिंदापुर के वाणी विहार में रविवार सुबह 50 लाख की रंगदारी नहीं देने पर बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। कारोबारी को तीन गोलियां लगीं। घायल कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, घायल कारोबारी की पहचान राजेश बंसल के रूप में हुई है। वह सपरिवार वाणी विहार में रहता है और इलाके में अपने छोटे भाई के साथ बिल्डिंग मैटेरियल और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है।
रविवार सुबह दोनों भाई अपनी दुकान पर गए थे, लेकिन कुछ देर बाद राजेश का छोटा भाई किसी काम से चला गया। राजेश दुकान पर अकेला था। वह दुकान के बाहर खड़ा था। सवा ग्यारह बजे बाइक सवार दो बदमाश उसके पास पहुंचे और उस पर तीन गोलियां चला दीं। दो उसके पेट में लगीं, जबकि एक गोली हाथ पर लगी।
ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और राजेश के परिवार वालों को घटना के बारे में बताया। परिवार वालों ने मौके पर पहुंचकर राजेश को माता चानन देवी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
जांच में पता चला है कि दो सप्ताह पहले बदमाशों ने दोनों भाइयों से 50 लाख की रंगदारी मांगी थी। कुछ दिन पहले बदमाशों ने दोबारा फोन कर पैसे देने के लिए कहा था और पैसे नहीं देने पर हत्या करने की धमकी दी थी।