निहाल विहार इलाके की घटना, मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। निहाल विहार इलाके में बुधवार देर रात कारोबारी फैज सैफी (30) ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। कारोबारी के पिता शकील सैफी और परिजन उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मौके से पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि रात 2:24 मिनट पर पुलिस को हादसे की जानकारी मिली थी। फैज ने घर की पहली मंजिल पर अपने कमरे में खुद को गोली मारी थी। फिलहाल परिजनों से पूछताछ और बयान दर्ज कर जानकारी जुटाई जा रही है। फैज शादीशुदा थे और उनका अपना कारोबार था। वह अपने पिता के कारोबार में भी उनकी मदद करते थे।