उतर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में एक कारोबारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कारोबारी नीरज गुप्ता की हत्या कर शव को गोवा राजधानी एक्सप्रेस से गुजरात के भरूच ले जाकर फेंक दिया।
कारोबारी की कंपनी में काम करने वाली युवती फैजल ने अपने मंगेतर जुबेर और मां के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, नीरज के युवती से अवैध संबंध थे। वह फैजल और जुबेर की शादी का विरोध कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, जुबैर शव को एक बैग में डालकर राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से गुजरात के भरूच ले गया। स्टेशन पर बैग उतारकर उसी ट्रेन से वह आगे चला गया। वह राजधानी की पेंट्री कार में मैनेजर है। गुजरात पुलिस ने शव को बरामद किया। इधर नीरज के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करा दी।
नीरज की पत्नी आंचल ने फैजल पर शक जताया। फैजल नीरज के साथ पिछले दस साल से काम करती थी। पुलिस ने शक के आधार पर मामले की जांच की तो फैजल के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में 12 नवंबर को नीरज के होने का पता चला।