शाहीन बाग में 85 दिन से रास्ता रोककर चल रहे सीएए विरोधी प्रदर्शन के कारण इलाके का कारोबार पूरी तरह चौपट हो गया है। कालिंदी कुंज मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन ने दक्षिण-पूवी जिले के डीसीपी से मुलाकात कर कहा कि होली जैसे बड़े पर्व पर भी दुकानें बंद होने से भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसलिए ज्यादातर दुकानदार किराये पर ली हुई दुकानों को खाली करने का मन बना रहे हैं। उधर, कुछ ही दिन बाद रमजान माह शुरू होने वाला है। तब तक भी रास्ता खाली न हुआ तो उन्हें आगे भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
डीसीपी आरपी मीणा से मुलाकात के बाद एसोसिएशन के सदस्यों ने दबी जुबान में कहा कि वे तत्काल रास्ता खाली होने के पक्ष में हैं, क्योंकि इससे उनके कारोबार में भारी नुकसान हो रहा है। करीब 100 दुकानदार तीन महीने से बगैर किसी आमदनी के भारी-भरकम किराया दे रहे हैं। व्यापारियों ने इस संबंध में स्थानीय प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उधर, प्रशासन ने मामला सुप्रीम कोर्ट में होने की वजह से हस्तक्षेप से साफ इनकार कर दिया है।
होली के मद्देनजर आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा
होली के त्योहार को देखते हुए शाहीन बाग में प्रदर्शनस्थल, कालिंदी कुंज और सरिता विहार की ओर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बेरिकेड के दोनों तरफ पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बलों की संख्या में भी इजाफा किया गया है। पुलिस को आशंका है कि कोई शरारती तत्व इस दौरान शांति भंग की कोशिश कर सकता है। इलाके से गुजरने वाले संदिग्धों पर भी नजर रखी जा रही है।