परिवहन निगम की हड़ताल से छह फरवरी को यात्रियों को सफर में परेशानी झेलनी पड़ेगी। कर्मचारियों के आंदोलन के चलते कई जगह जाम-प्रदर्शन से भी जूझना पड़ सकता है।
ऐसे में घरों से निकलने से पहले रूट की जानकारी जरूर ले लें। बसों के चक्का जाम के चलते शासन ने हाई अलर्ट जारी कर डीएम-एसएसपी को बस डिपो की संपत्ति और बसों की सुरक्षा के आदेश दिए हैं।
संविदा कर्मियों को स्थायी करने, आश्रितों को नौकरी देने समेत 20 सूत्री मांगें लंबे समय से चली आ रही हंै। आश्वासनों के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं। एक दिवसीय चक्काजाम कर कर्मचारी विरोध जताएंगे।
संगठन के क्षेत्रीय मंत्री राजेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार की मध्यरात्रि से बृहस्पतिवार की मध्यरात्रि तक गाजियाबाद से करीब 1450 कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। मांगें न मानीं जाने पर चक्काजाम को 24 घंटे से बढ़ाकर बेमियादी भी किया जा सकता है।
शासन ने हड़ताल-चक्का जाम को अवैध घोषित कर एस्मा लगा दी है। बस डिपो, बसों और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए डीएम-एसएसपी को निर्देश जारी कर दिए हैं।
पांच फरवरी की शाम से सभी डिपो और सरकारी आफिस पुलिस सुरक्षा में रहेंगे। आरएम पीके बोस ने सभी कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए हैं। हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्णय लिया गया है।
हड़ताल के चलते बृहस्पतिवार को वीवीआईपी टैक्सियों का संचालन भी नहीं होगा। कर्मचारी यूनियन के जिला सचिव श्याम सिंह चौधरी ने बताया कि किसी टैक्सी संचालन नहीं होने दिया जाएगा।
15 से स्मार्ट कार्ड के जरिए करें यात्रा
डीएमआरसी के बाद अब उप्र परिवहन निगम की बसों में यात्री स्मार्ट कार्ड के जरिए यात्रा कर सकेंगे। हाईटेक हो रहे परिवहन निगम में लोकल रूटों के साथ ही यात्री लंबी दूरी पर भी कार्ड का इस्तेमाल कर सकेंगे। परिवहन निगम की सभी बसों में 15 फरवरी से ये सुविधा लागू हो जाएगी।
कार्ड को इलेक्ट्रानिक टिकटिंग मशीन में स्वैप किया जाएगा। गाजियाबाद रीजन को इंटेलीजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम से जोड़ने के दौरान यात्रियों को स्मार्ट कार्ड की भी सुविधा दी जा रही है। यात्री बस स्टेशनों के साथ ही आईसीआईसीआई बैंक से कार्ड को रीचार्ज करा सकेंगे। आरएम पीके बोस ने कहा कि 15 फरवरी से प्रदेश में सुविधा लागू करने की तैयारी है।
डीएमआरसी एमडी 7 को करेंगे निरीक्षण
डीएमआरसी बोर्ड से दिलशाद गार्डन से नया बस अड्डा तक मेट्रो प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने के बाद जीडीए इससे जुड़ी हर छोटी-बड़ी प्रक्रियाओं को तेजी से फाइनल कर रहा है। सात फरवरी को डीएमआरसी के एमडी मंगू सिंह के निरीक्षण के मद्देनजर जीडीए वीसी ने अफसरों व कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी है।
डीएमआरसी कार्यालय से हिंडन मोटल तक अफसर डीएमआरसी के अफसरों संग समन्वय बनाए रखेंगे। निरीक्षण दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। हिंडन मोटल पर डीएमआरसी एमडी मीडिया से भी मुखातिब होंगे। अधिकारियों की एक टीम दिलशाद गार्डन (यूपी बार्डर), दूसरी मोहनगर चौराहा और तीसरी हिंडन पुल पर तैनात रहेगी।
शादियों की वजह से शहर में जाम
बसंत पंचमी के अबूझ साये पर मंगलवार को हर ओर शादियों की धूम रही। फरवरी में शादियों के कई शुभ साये हैं लेकिन बसंत पंचमी का अबूझ साया होता है। जिन जातकों की कुंडली के हिसाब से कोई तिथि नहीं मिल पाती उनकी शादी बसंत पंचमी के दिन होती है।
मंगलवार को बैंक्वेट हॉल और फार्म हाउस सहित सामुदायिक भवन और पार्कों में शादियां हुई। इसकी वजह से शहर में कई जगहों पर जाम की स्थिति रही। बसंत पंचमी के बाद 14 फरवरी को भी सैकड़ों शादियां होने का अनुमान है।युवा इस
दिन को शादी के रूप में यादगार बनाने के लिए चुन रहे हैं। मंगलवार को मालीवाड़ा, जीटी रोड, एनएच-58, लालकुआं, मोहननगर, इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा आदि जगहों पर जाम लगा रहा।