लाहौरी गेट इलाके में दोस्तों को प्रभावित करने के लिए गोलियां चलाने वाले दानिश उर्फ जुहैब उर्फ मक्कू को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। उससे वारदात में इस्तेमाल पिट्ल और दो कारतूस बरामद हुए हैं।
अपराध शाखा डीसीपी डॉ. जी रामगोपाल नायक के अनुसार, लाहौरी गेट निवासी सलीम ने 26 अगस्त को पुलिस को शिकायत देकर कहा था कि वह जलालुद्दीन और सूफियान के साथ अपने घर की छत पर बैठकर शराब पी रहा था। वहां दानिश उर्फ जुहैब उर्फ मक्कू आया और अचानक पिस्टल निकालकर हवा में दो गोलियां चला दीं।
इसके बाद शेखी बघारते हुए उसने जलालाउद्दीन की तरफ गोली चला दी, जो उसके पेट में लगी। दानिश फरार हो गया और जलालुद्दीन को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दानिश को पकड़ने के लिए एसटीएफ एसीपी पंकज सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर विकास राणा, एसआई सुनील व मनोज की विशेष टीम बनाई गई।
टीम ने एक सूचना के बाद शांति वन, रिंग रोड पर घेराबंदी की और दानिश (33) को पकड़ लिया। बल्लीमारान में पैदा हुआ दानिश धातुओं पर पॉलिश करने का काम करता है।