न्यू कॉलोनी थाना पुलिस को जतिन चुटानी ने शिकायत में बताया कि वह बीते रविवार की देर रात को अपने साथियों के साथ ड्रीम्ज मॉल सेक्टर-4/7 चौक गुरुग्राम पर कोल्डड्रिंक लेने गया था। वह अपनी कार को खड़ा करके कोल्डड्रिंक की दुकान की ओर बढ़ा ही था कि इसी बीच पीछे से आई एक कार में सवार दो युवकों ने उससे कार को हटाने को कहा।
आरोप है कि जतिन को आरोपियों ने छोटू कहकर गाड़ी हटाने के लिए कहा। इस बात को लेकर उनकी आपस में कहासुनी हो गई। इसी बीच एक युवक ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली जतिन के कान के पास से होते हुए कार में जा लगी। इस पर जतिन वहां से अपनी जान बचाकर भागा। दूसरी ओर गोली चलने की आवाज सुनकर लोग एकत्र होने लगे तो आरोपी भी वहां से निकल भागे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज करके जांच शुरू की।
एसीपी क्राइम-2 मनोज कुमार ने बताया कि मामले में सेक्टर-10 अपराध शाखा के एसआई प्रमोद की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को कुछ ही घंटे में शहर के आनंद गार्डन से काबू किया है। आरोपी की पहचान आनंद गार्डन निवासी 36 वर्षीय अभिषेक गौड़ के रूप में हुई है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी गाड़ी हटाने को लेकर शिकायतकर्ता के साथ कहासुनी हो गई थी। इस दौरान उसने लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चलाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस असलहे को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।