जस्सीपुरा में नालों पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त करने के लिए नगर निगम ने बुधवार को अभियान चलाया। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर दूधेश्वरनाथ मंदिर के आसपास से ठेले, खोखे भी हटवाए गए। पुलिस की मौजूदगी में चले इस अभियान में निगम ने जीटी रोड से लेकर गौशाला अंडर पास तक अतिक्रमण हटवाया।
नगर निगम ने नालों पर पक्का निर्माण कर आगे बढ़ाई गई दुकानों को भी हटवाया। जस्सीपुरा तिराहे पर ही लगने वाले फलों के ठेलों को हटाया गया। इनकी वजह से यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी।
निगम ने नाले पर बनाए गए 10 रैंप और 4 खोखों को भी हटवाया। इस बीच दुकानदारों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी की वजह से अभियान जारी रहा। अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा ने बताया कि बृहस्पतिवार को होटल मोदी कांटीनेंटल से दौलतपुरा रेलवे लाइन तक अतिक्रमण हटाया जाएगा।
अभियान के दौरान एएसपी स्वप्निल ममगई, सिटी कोतवाल वीर विक्रम सिंह, अधिशासी अभियंता अतर सिंह, एई दिनेश चंद शर्मा, जेई नानक चंद, टीएस वर्मा व जीडीए का दस्ता भी मौजूद रहा।