कार्रवाई शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल, सीआरपीएफ और सीएटीएस की टीमें तैनात की गई थीं।
दिल्ली नगर निगम ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए शुक्रवार को बुराड़ी उपखंड के जगतपुर क्षेत्र स्थित मिलन विहार कॉलोनी में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद कुलदीप चौधरी द्वारा कराए जा रहे कथित अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
विज्ञापन
एमसीडी अधिकारियों के अनुसार, मिलन विहार कॉलोनी में दो भूखंडों पर बड़े पैमाने पर बिना स्वीकृति निर्माण किया जा रहा था। इनमें एक भूखंड का आकार लगभग 200×45 वर्ग फुट और दूसरे का 45×40 वर्ग फुट है। जांच के दौरान निर्माण को पूरी तरह अवैध पाए जाने के बाद भवन विभाग ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का निर्णय लिया।
कार्रवाई शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल, सीआरपीएफ और सीएटीएस की टीमें तैनात की गई थीं। निगम के इंजीनियरों और प्रवर्तन अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजरों की मदद से दोनों भूखंडों पर खड़े अवैध ढांचों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया।
विज्ञापन
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही। स्थानीय स्तर पर विरोध के प्रयास हुए, लेकिन सुरक्षा बलों की मुस्तैदी के चलते कार्रवाई बिना किसी बड़े व्यवधान के जारी रही। निगम की टीम ने शाम करीब पांच बजे अभियान समाप्त किया। इस तरह लगभग सात घंटे तक चले ऑपरेशन में पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
एमसीडी अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में अवैध निर्माण, अतिक्रमण और भवन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ निगम की "जीरो टॉलरेंस" नीति लागू है। अधिकारियों के अनुसार कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी व्यक्ति की राजनीतिक पहचान या पद आड़े नहीं आएगा।