स्याना बवाल प्रकरण में बुधवार को दो और नामजद आरोपियों ने सीजेएम की अदालत में सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में अब तक 13 नामजद समेत 32 आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। हालांकि मुख्य आरोपी योगेश राज समेत 13 नामजद अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
तीन दिसंबर को स्याना कोतवाली के चिंगरावठी चौकी क्षेत्र में गोकशी के बाद हुए बवाल में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार और युवक सुमित की गोली लगने से मौत हो गई थी। मामले में 27 नामजद और करीब 60 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
चांदपुर पूठी गांव निवासी सतीश कुमार और महाब के रहने वाले विनीत कुमार ने बुधवार को सीजेएम के समक्ष सरेंडर कर दिया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि मामले में फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
योगेश और शिखर अब भी पुलिस की पकड़ से दूर
स्याना बवाल प्रकरण में पुलिस ने बजरंग दल के जिला संयोजक योगेश राज, भाजयुमो के पूर्व स्याना नगराध्यक्ष शिखर अग्रवाल समेत 27 नामजद आरोपियों और 50-60 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। मामले में योगेश और शिखर अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
अब चर्चा यह है कि एक-दो दिनों में बाकी अन्य आरोपी भी सरेंडर कर सकते हैं। पूरे मामले में अब तक 13 नामजद आरोपी जेल जा चुके हैं। साथ ही प्रकाश में आए अन्य 19 आरोपी भी सलाखों के पीछे हैं।